*ग्रामीण को मिली नक्सली धमकी, PLFI संगठन के नाम पर घर में फेंका गया पर्चा*

जशपुर जिले के पंडरा पाठ चौकी क्षेत्र के ग्राम सुलेसा में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव निवासी सल्लू राजवाड़े के घर में PLFI (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) संगठन के नाम से एक कथित नक्सली पर्चा फेंका गया। पत्र में संगठन ने सल्लू पर उनके कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए भविष्य में जान-माल की हानि की चेतावनी दी है।
पर्चे में लिखा गया है कि यदि आगे संगठन के कार्य में हस्तक्षेप हुआ, तो फौजी कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए सल्लू स्वयं जिम्मेदार होंगे। पत्र के अंत में ‘लाल सलाम’ लिखा गया है, जो आमतौर पर नक्सली संगठनों द्वारा प्रयुक्त किया जाता है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घर से मिले पर्चे को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित कोणों से जांच शुरू कर दी है, जिसमें यह भी शामिल है कि कहीं यह किसी स्थानीय व्यक्ति की शरारत या डर फैलाने की कोशिश तो नहीं है।










