*संदिग्ध हालात में गर्भवती महिला की मौत, पति बच्ची लेकर फरार*
जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढोठीपहरी कुरूमढोढा में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतिका के सिर में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जबकि घटना के बाद से उसका पति बच्ची को लेकर फरार है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी जेठू विश्वकर्मा (45), निवासी ग्राम बेलसुंगा, थाना नारायणपुर ने थाना में जबानी मर्ग सूचना दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री कमला विश्वकर्मा का प्रेम संबंध ग्राम ढोढ़ीबहार निवासी स्वदेश राम उर्फ सुदेश राम कोरवा से था, जिसके साथ वह रह रही थी। दोनों की लगभग दो वर्ष की एक बच्ची है तथा कमला वर्तमान में छह माह की गर्भवती थी।
बताया गया कि जनवरी माह में कमला और उसका पति मायके आए थे। इसके बाद करीब एक सप्ताह पूर्व सुदेश राम कमला और बच्ची को लेकर अपने नाना के घर ढोठीपहरी कुरूमढोढा गया था। दिनांक 06 फरवरी 2026 को सुदेश राम के नाना मसरी राम ने परिजनों को सूचना दी कि कमला की मौत हो गई है और उसके सिर पर चोट का निशान है, जबकि सुदेश राम और बच्ची घर पर नहीं हैं।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां कमला अपने घर के अंदर जमीन पर बिस्तर में चित अवस्था में मृत पाई गई। सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।
परिजनों ने आशंका जताई है कि सुदेश राम कोरवा ने किसी ठोस वस्तु से वार कर कमला की हत्या की है। परिजनों ने यह भी बताया कि संदेही पति पूर्व में अपनी पहली पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने मौके पर देहाती मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की। तहसीलदार बगीचा एवं फॉरेंसिक अधिकारी जशपुर द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर शव पंचनामा किया गया। मृतिका के शव को पोस्टमार्टम हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी भेजा गया है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था।
प्रकरण में मृतिका का पति सुदेव राम उर्फ सुदेश राम कोरवा अपनी दो वर्षीय बच्ची के साथ फरार है। पुलिस द्वारा संदेही के घर एवं संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। परिजनों के अनुसार संदेही मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करता, जिससे उसकी तलाश में कठिनाई आ रही है। पुलिस लगातार संदेही एवं बच्ची की पतासाजी में जुटी हुई है।










