*19 सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, रैली निकाल सौंपा ज्ञापन*

19 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को जिलेभर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने जशपुर में धरना-प्रदर्शन किया। रणजीता स्टेडियम जशपुर में एकत्रित होने के बाद कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर शासन के नाम ज्ञापन सौंपते हुए लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ की जिलाध्यक्ष मनोरंजनी टोप्पो ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बावजूद केंद्र सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ग्रेच्युटी का लाभ अब तक नहीं दिया गया है। उन्होंने फेस रिकग्निशन प्रणाली के कारण कई कार्यकर्ताओं की नौकरी प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए इसे तत्काल बंद करने की मांग की।
उन्होंने बताया कि संघ की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का नियमितीकरण, न्यूनतम वेतन निर्धारण, पेंशन एवं अनुकंपा नियुक्ति की व्यवस्था, 45वें श्रम संशोधन कानून को वापस लेना तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के स्थान पर ईसीसीडी कानून लागू करना शामिल है।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।जिलाध्यक्ष ने बताया कि एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन के बाद संगठन अपनी मांगों को लेकर दिल्ली में भी प्रदर्शन करेगा, जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।










