*भाजपा कार्यकर्ता पर अभद्र टिप्पणी से बवाल, महिला मोर्चा ने थाने में की शिकायत*
*सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, कार्रवाई की मांग*
जशपुरनगर :- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भाजपा की एक पहाड़ी कोरवा महिला कार्यकर्ता के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। घटना के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता कुनकुरी थाना पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार, कुनकुरी थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि राजीव गर्ग की फेसबुक पोस्ट पर विवेकानंद झा नामक व्यक्ति ने उनके खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणी की। आरोप है कि टिप्पणी में उनके लिए अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे उन्हें मानसिक आघात पहुंचा और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस लगी।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पिंकी गुप्ता ने कहा कि किसी भी महिला के खिलाफ सार्वजनिक मंच पर इस तरह की अभद्र टिप्पणी अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि पीड़िता भाजपा की समर्पित कार्यकर्ता हैं और संघर्ष के बल पर उन्होंने समाज में अपनी पहचान बनाई है। उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
आरोपी का पक्ष
विवेकानंद झा ने कहा, “मेरे विरुद्ध कुनकुरी थाना में शिकायत किए जाने की सूचना मिली है। शिकायत की प्रति मिलने के बाद ही इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दूंगा।”










