*पाकरगांव हादसे पर सीएम साय ने जताया दुख*
*मृतक श्रमिकों के परिजनों को 15-15 लाख की सहायता, मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश*
*पत्थलगांव विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमृत बेक निलंबित, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई*
पत्थलगांव :- पाकरगांव में पोल शिफ्टिंग के दौरान करंट की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत के मामले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए मृतक श्रमिकों के परिजनों को 15-15 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
*कनिष्ठ अभियंता अमृत बेक निलंबित*
हादसे में प्रथम दृष्टया सामने आई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पत्थलगांव विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमृत बेक को निलंबित कर दिया गया है।
*सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं*
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विद्युत संबंधी कार्यों के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं का हर हाल में पालन होना चाहिए। श्रमिकों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
*घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश*
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों को हर आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे में घायल श्रमिकों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने और इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले जिला प्रशासन ने भी हादसे की जांच के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पत्थलगांव की अध्यक्षता में जांच दल गठित किया है। समिति को दुर्घटना के कारणों, विद्युत लाइन शिफ्टिंग के लिए जारी परमिट, सुरक्षा प्रक्रिया, अधिकारियों-कर्मचारियों और ठेकेदार की भूमिका सहित अन्य बिंदुओं की जांच कर तीन दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।










