*नागलोक में गजराज का आतंक*
*मोबाइल पर बात कर रही महिला को सूंढ़ से लपेटकर करीब 10 मीटर तक घसीटा और पैर से कुचलकर ले ली जान*

फरसाबहार। जशपुर जिले के तपकरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत सागजोर गांव में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रही महिला पर दंतैल हाथी ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान चम्पा बाई (50 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना रात लगभग 8:30 बजे की है, जब चम्पा बाई घर के बाहर टहलते हुए मोबाइल पर बात कर रही थीं। इसी दौरान जंगल से अचानक एक दंतैल हाथी निकल आया और महिला को सूंढ़ में लपेटकर करीब 10 मीटर तक घसीट ले गया। इसके बाद हाथी ने पैर से कुचलकर उसकी जान ले ली।
तपकरा रेंजर सुश्री आकांक्षा लकड़ा ने बताया कि यह हाथी दल से अलग होकर भटक रहा है और लगातार इलाके में घूम रहा है। इसकी लोकेशन ट्रेस कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यह लोनर हाथी रायगढ़ जिले के लैलूंगा से होते हुए जशपुर पहुंचा और कुछ दिनों तक टिकलीपारा के जंगल में डेरा जमाए रहा था।
वन विभाग ने मृतक परिवार को प्राथमिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अकेले जंगल या सुनसान क्षेत्रों की ओर न जाएं।










