*खेत में घुसकर मारपीट, फसल रौंदने व छेड़छाड़ का आरोप*
*सरपंच सहित 10 लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित मामला दर्ज*
जशपुर जिले के अजाक थाना में ग्राम टुकूपखना निवासी संजय बड़ा की शिकायत पर मारपीट, फसल को नुकसान पहुंचाने, छेड़छाड़, जातिसूचक गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी के आरोप में 10 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10 बजे आरोपी कथित रूप से कुदाल, लाठी एवं अन्य हथियारों के साथ प्रार्थी के पैतृक खेत में पहुंचे और खेत में जबरन प्रवेश कर परिवार के सदस्यों को जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए वहां से भगा दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने दो ट्रैक्टरों से खेत में खड़ी धान की फसल को रौंदकर नुकसान पहुंचाया और भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया।
विरोध करने पर प्रार्थी की माता मीलो बड़ा के साथ मारपीट कर उन्हें धक्का देकर गिरा दिया गया। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थी की बहन ससीता बड़ा के साथ छेड़छाड़, जबरन घसीटने का प्रयास तथा बलात्कार की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भगवानों यादव, प्रेमचंद, नरेंद्र यादव, पदमन, दिलबंधु, जगबंधु, नवीन यादव, बिछी यादव, दसई यादव एवं गरीब साय (सरपंच) के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









