सेवा संकल्प अभियान के तहत फरसाबहार में भव्य ‘आंगन मिलन सेवा उत्सव’ का आयोजन*
*उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं महिलाओं का हुआ सम्मान*

फरसाबहार। जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड मुख्यालय के ग्राम पंचायत फरसाबहार में सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘आंगन मिलन सेवा उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
आंगन मिलन सेवा उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि फरसाबहार क्षेत्र के जनपद पंचायत सदस्य दयानिधि माणिक, ग्राम पंचायत फरसाबहार के पंच अनुरंजन तिर्की, सजग हितग्राही प्रतापी तिग्गा, महिला बाल विकास विभाग प्रभारी सुपरवाइजर श्रीमती विजय लक्ष्मी नायक, फरसाबहार ग्राम पंचायत क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी सहायिका के साथ हितग्राही महिलाएं उपस्थित रही।
मुख्य अतिथि जनपद पंचायत सदस्य दयानिधि मानिक ने महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण को समाज के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए ऐसे आयोजनों को ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस दौरान सुपरवाइजर श्रीमती विजय लक्ष्मी नायक ने महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। सजग हितग्राही प्रतापी तिग्गा ने महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि से स्वयं को आत्मनिर्भर बनाने की बात बताई। साथ ही माताओं एवं बहनों के लिए मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं गुलापी कंडरा एवं कृष्णा तिर्की तथा आंगनबाड़ी सहायिका श्रीमती मंजुलता एवं सजग महिला हितग्राही प्रतापी तिग्गा को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत मे बच्चों के लिए न्यौता भोज एवं व्यंजन प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।










