*श्रम की सार्थकता और सृजन की भावना को समाज में प्रतिष्ठित करने का श्रेय भगवान विश्वकर्मा को – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय*
*मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में भगवान विश्वकर्मा जयंती पर की पूजा अर्चना*
*मुख्यमंत्री निज निवास बगिया में श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ श्री विश्वकर्मा पूजा का आयोजन*

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े तथा छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने संसार के प्रथम वास्तुकार एवं सृजन-निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के श्रमवीर प्रदेश की प्रगति और निर्माण के वास्तविक आधारस्तंभ हैं। श्रम की सार्थकता और सृजन की भावना को समाज में प्रतिष्ठित करने का श्रेय भगवान विश्वकर्मा को जाता है। विश्वकर्मा जयंती का यह अवसर हम सभी को समर्पण और ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा देता है।
*मुख्यमंत्री निवास बगिया में श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ श्री विश्वकर्मा पूजा का आयोजन….*
जशपुरनगर। मुख्यमंत्री निवास बगिया में आज श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में श्री विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय सहित परिवारजन पूजा-अर्चना में शामिल हुए और विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की आराधना की। मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूरे वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।श्रीमती कौशल्या साय ने इस मौके पर प्रदेशवासियों को श्री विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन और निर्माण के प्रतीक हैं। उनकी कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार हो।पूजा के बाद प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्यमंत्री निवास में हुए इस आयोजन में सामाजिक सौहार्द और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।










