*शादी के दूसरे दिन युवक की मौत, ब्रेक फेल होने से ट्रैक्टर पलटा, तीन घायल*

जशपुर जिले के कापू थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाकुरपोड़ी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहित युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान देवांगन सिदार के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज एक दिन पहले ही हुई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह अपनी शादी का टेंट सामान ट्रैक्टर से पास के गांव छोड़ने जा रहा था। उसके साथ तीन साथी भी वाहन में सवार थे।
इसी दौरान ढलान पर ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चारों युवक ट्रैक्टर के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने देवांगन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है। जिस घर में एक दिन पहले शादी की खुशियां थीं, वहां इस हादसे के बाद मातम पसर गया है। नवविवाहिता के हाथों की मेहंदी भी फीकी नहीं पड़ी थी कि यह दुखद घटना हो गई।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।










