*फाइनेंस ठगी गैंग का पर्दाफाश*
*पुलिस ने दो फरार आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल*

दस्तावेज चोरी कर कूटरचना (फर्जीवाड़ा) के जरिए वाहनों को फाइनेंस कर ठगी करने के मामले में जशपुर पुलिस ने दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में वज्जाद अली उर्फ सोनू खान (29 वर्ष) एवं शोएब जाफर (37 वर्ष) शामिल हैं, जो अंबिकापुर के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी इस प्रकरण में मुख्य आरोपी शाहरूख खान, वसीम अकरम और शो-रूम मैनेजर मनीष डेविड को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आरोपियों द्वारा चोरी किए गए दस्तावेजों का उपयोग कर फर्जी नाम पर वाहन फाइनेंस कराया जाता था और बाद में उन्हें बेच दिया जाता था। पुलिस ने अब तक 10 बुलेट मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी जब्त की है।
यह मामला तब उजागर हुआ जब आवेदक आशीष शर्मा (26 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके नाम पर बिना जानकारी के वाहन फाइनेंस कर लिया गया है। जांच के दौरान यह ठगी का बड़ा गिरोह सामने आया।
पुलिस की लगातार तलाश और तकनीकी टीम की मदद से फरार दोनों आरोपियों को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश यादव, प्रधान आरक्षक अजय खेस, आरक्षक अभय चौबे, बूटा सिंह, अमित साय और दीपक टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि चौकी कोतबा क्षेत्रांतर्गत मामले में दस्तावेजों से कूट रचना कर, गाड़ी फाइनेंस कर, खरीद बिक्री के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को पुलिस पूर्व में जेल भेज चुकी है,।










