*अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ महिलाओं का हल्ला बोल,कार्यवाही की मांग..!*
अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ गांव की महिलाओं का विरोध प्रदर्शन एक बार फिर सामने आया है।महिलाओं ने गांव में रैली निकालकर इसका जमकर विरोध किया हैं. उन्होंने गांव को नशामुक्त समाज बनाने की पहल करते हुये लोगों को जागरूक होने की अपील की हैं. महिलाओं ने इसके लिये बाकायदा कोतबा चौकी में आवेदन देकर अवैध महुआ शराब के दुष्परिणाम व उनके परिवारजनों में रही समस्या को बताया है।


जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के कोतबा चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत बुलड़ेगा में महिलाओं ने एक समिति गठित की हैं. गठित समिति में निर्णय लिया गया है कि गांव में अवैध महुआ शराब बड़े पैमाने पर बनाया और बेचा जाता हैं. जिससे उनके परिवार के नाबालिक बच्चे घर के राशन समान व अन्य उपयोगी वस्तुओं को बेचकर शराब का सेवन करते हैं. शराब सेवन से गांव में गाली-गलौच होती है और अशांति बनी हुई है।जिसके कारण शनिवार को पुलिस को आवेदन देकर गांव में रैली निकालकर लोगों को समझाइश देकर कहा गया है कि महुआ शराब बनाना और बेचना प्रतिबंध करें नही तो आने वाले दिनों में पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर कड़ी कार्यवाही की योजना बनाई जायेगी।
बनाई गई समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष,कोषाध्यक्ष, सचिव व सरपंच सहित अन्य ग्रामीण महिलाओं के द्वारा यह निर्णय लिया गया है।
महिलाओं की इस सशक्त पहल से शराब विक्रेताओं में खलबली मच गई है। वहीं, ग्रामीणों ने भी इस साहसिक कदम का स्वागत किया और महिलाओं के शराबबंदी अभियान को पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया। अब पूरा गाँव एकजुट होकर संदेश दे रहा है कि बुलड़ेगा पंचायत में अवैध शराब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।
महिलाओं ने बताया कि चौकी प्रभारी बृजेश यादव ने भी महिलाओं को सम्पूर्ण मदद करने की बात कही हैं. ताकि अवैध शराब पर रोकथाम हो और एक सुनहरे गांव के निर्माण में उनकी भूमिका अहम हो।इस रैली के दौरान प्रभारी ने पुलिस के जवान भेजकर अपघटित घटना के रोकथाम की पहल की।










