*फरसाबहार में टॉप-10 की तैयारी के लिए विकासखंड स्तरीय मार्गदर्शन कार्यशाला आयोजित, 60 विद्यार्थी हुए शामिल*
*बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम के लिए विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन, राज्य की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने के लिए किया गया प्रेरित*

फरसाबहार, 24 अक्टूबर 2026।
माध्यमिक शिक्षा मंडल की आगामी बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने तथा राज्य की प्रावीण्य सूची (टॉप-10) में स्थान प्राप्त करने के उद्देश्य से शनिवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, फरसाबहार में विकासखंड स्तरीय मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सी. आर. भगत, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय फरसाबहार के प्राचार्य तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर विकासखंड फरसाबहार के विभिन्न विद्यालयों से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के लगभग 60 विद्यार्थी शामिल हुए।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित करना, उनकी शैक्षणिक कठिनाइयों का समाधान करना तथा उन्हें सुनियोजित अध्ययन के माध्यम से उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने के लिए तैयार करना था।
विद्यार्थियों के चयन में त्रैमासिक परीक्षा में 80 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी गई। जिन विद्यालयों में संबंधित कक्षा में किसी भी विद्यार्थी के 80 प्रतिशत अंक नहीं आए, वहाँ से कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी कार्यशाला में शामिल किया गया। इससे विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समान रूप से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।
कार्यशाला में विद्यार्थियों को त्रैमासिक परीक्षा की अपनी जाँची हुई उत्तर पुस्तिकाएँ साथ लाने के लिए कहा गया, ताकि उनकी विषयवार तैयारी, उत्तर लेखन, अंकों में सुधार की संभावनाओं तथा कमजोर पक्षों का विश्लेषण कर आगे की रणनीति बनाई जा सके। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, उत्तर पुस्तिका लेखन की प्रभावी तकनीक, कठिन विषयों के अभ्यास तथा परीक्षा के प्रति आत्मविश्वास बनाए रखने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री सी. आर. भगत ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा अपनी कमियों को पहचानकर उनमें सुधार लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों में बोर्ड परीक्षा को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और विकासखंड फरसाबहार का परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास पर जोर दिया गया। इस पहल से विद्यार्थियों को अपनी तैयारी का आकलन करने तथा राज्य की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिला।










