*20वीं बार गूंजा “गोविंदा आला रे”, कृष्णा-11 ने फोड़ी 30 फीट ऊंची मटकी*
*बालाजी मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा, रणजीता स्टेडियम में 20 हजार दर्शकों के बीच हुआ रोमांचक महामुकाबला*

जशपुरनगर :- भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्री बालाजी जनकल्याण समिति, जशपुर द्वारा आयोजित 20वीं भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता इस वर्ष ऐतिहासिक उत्साह और भक्ति के माहौल में संपन्न हुई।आयोजन के 20वें वर्ष में पहली बार बालाजी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें प्रतियोगिता में शामिल सभी 10 गोविंदा टीमों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
बाजे-गाजे और जय श्रीकृष्ण के जयघोष के बीच शोभायात्रा बालाजी मंदिर से देशभांडे चौक और सिटी कोतवाली होते हुए रणजीता स्टेडियम पहुंची। पूरे शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
*30 से अधिक प्रयासों के बाद कृष्णा-11 बनी विजेता*
रणजीता स्टेडियम में करीब 30 फीट की ऊंचाई पर टंगी दहीहांडी को फोड़ने के लिए 10 टीमों के लगभग 300 गोविंदाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महाकाल, सीएसके ग्रुप, बजरंग दल, डीसी क्लब, पिकअप संघ, अघोरी टीम, कृष्णा-11 पत्थलगांव, यंग आर्मी, विश्वकर्मा टीम और कुली नंबर-01 के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ।
लगातार 30 से अधिक प्रयासों के बाद पत्थलगांव की कृष्णा-11 टीम ने शानदार मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ दी और प्रतियोगिता की विजेता बनी।
*विजेता टीम को मिला 1,11,111 रुपये का पुरस्कार*
प्रतियोगिता की विजेता कृष्णा-11 पत्थलगांव को 1 लाख 11 हजार 111 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। यह पुरस्कार जशपुर विधायक रायमुनि भगत की ओर से दिया गया।
*20 हजार दर्शकों से खचाखच भरा स्टेडियम*
रणजीता स्टेडियम में 20 हजार से अधिक दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य स्वरूप दिया। दर्शकों ने हर प्रयास पर तालियों और जयकारों से गोविंदाओं का उत्साह बढ़ाया।
*भक्ति और संस्कृति का भी दिखा रंग*
मटकी फोड़ प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। डीजे राइडर के डीजे शो, अनिल मुंडा एवं सरस्वती बुनकर की नागपुरी प्रस्तुति, कमलेश्वर सारथी के सैक्सोफोन वादन तथा संदीप शर्मा और अंजली गुप्ता की संगीतमय प्रस्तुति पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे।
*मंत्री राजेश अग्रवाल की बड़ी घोषणा*
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांस्कृतिक एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने आयोजन की सराहना करते हुए घोषणा की कि इस आयोजन के लिए उनकी ओर से प्रतिवर्ष 2 लाख रुपये की सहयोग राशि दी जाएगी।
*एसएसपी ने दिया हेलमेट पहनने का संदेश*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए लोगों से सड़क सुरक्षा का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जनपद अध्यक्ष गंगाराम भगत, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, पूर्व सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव, रागिनी भगत, वासुदेव राम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रायोजक, पत्रकार और श्री बालाजी जनकल्याण समिति के अध्यक्ष पं. मनोज रमाकांत मिश्र, संयोजक संजय अग्रवाल सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।










