*चेकमेट @ जशपुर 2026: पांचवें दौर के बाद IM कौस्तुव कुंडू, कामद मिश्रा और ओंकार कादव संयुक्त रूप से शीर्ष पर*

जशपुरनगर :- जशपुर में आयोजित ऑल इंडिया ओपन फिडे रेटेड चेस टूर्नामेंट ‘चेकमेट @ जशपुर 2026’ में पांचवें दौर के मुकाबलों के बाद खिताब की दौड़ और रोमांचक हो गई है। इंटरनेशनल मास्टर कौस्तुव कुंडू, कामद मिश्रा और ओंकार कादव लगातार पांचों मुकाबले जीतकर 5 में से 5 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ी अपनी रणनीतिक प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में टूर्नामेंट का संचालन आधुनिक तकनीक और पारदर्शी व्यवस्था के साथ किया जा रहा है। तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी चीफ आर्बिटर अनीश अंसारी, डिप्टी चीफ आर्बिटर रॉकी देवांगन और प्रदीप कुमार मंडल निभा रहे हैं।
*DGT बोर्ड से दुनिया भर में लाइव प्रसारण*
टूर्नामेंट की खास बात यह है कि शीर्ष पांच बोर्डों पर DGT डिजिटल चेस बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्डों पर खेले जा रहे मुकाबलों का सीधा ऑनलाइन प्रसारण किया जा रहा है, जिससे देश-विदेश के शतरंज प्रेमी जशपुर के मुकाबलों को लाइव देख रहे हैं।
*पांचवें दौर में रोमांचक मुकाबले*
पहले बोर्ड पर शीर्ष वरीयता प्राप्त IM कौस्तुव कुंडू ने काले मोहरों से खेलते हुए तनिष्क कुमार को पराजित कर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। दूसरे बोर्ड पर ओंकार कादव ने कैंडिडेट मास्टर विनोद कुमार शर्मा को हराया। चौथे बोर्ड पर कामद मिश्रा ने प्रभमन सिंह मल्होत्रा को मात देकर जीत का सिलसिला कायम रखा।
*शीर्ष 10 बोर्डों के परिणाम*
1 IM कौस्तुव कुंडू ने तनिष्क कुमार को हराया।
2 ओंकार कादव ने विनोद कुमार शर्मा को हराया।
3 गोविंद कुमार और गगन साहू के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा।
4 कामद मिश्रा ने प्रभमन सिंह मल्होत्रा को हराया।
5 श्रेयांश डाकलिया ने आयुष मिश्रा को हराया।
6 यशद बांबेश्वर और सालिक नवाज मनिहार का मुकाबला ड्रॉ रहा।
7 रजनीकांत बक्सी ने शिव स्मरण मदापति को हराया।
8 यश सिंह ने तुषार गुप्ता को हराया।
9 अंशुमान सहाय ने संस्कार कश्यप को हराया।
10 आद्विक भूषण ने अनिका रेड्डी गोलुगुरी को हराया।
*खिताब की दौड़ हुई और दिलचस्प*
पांचवें दौर के बाद श्रेयांश डाकलिया, गोविंद कुमार और गगन साहू 4.5 अंक के साथ शीर्ष खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती दे रहे हैं। आगामी दौर में शीर्ष खिलाड़ियों के बीच होने वाले मुकाबले टूर्नामेंट की दिशा तय करेंगे। जैसे-जैसे प्रतियोगिता आगे बढ़ रही है, जशपुर में शतरंज का रोमांच अपने चरम पर पहुंचता जा रहा है।










