*पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो कारों से 76 किलो 940 ग्राम गांजा जब्त, एक नाबालिग सहित चार आरोपी गिरफ्तार*

जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कार में 76 किलो 940 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से दो कारों में गांजा तस्करी कर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना तुमला पुलिस ने चौकी कोल्हेंझरिया और कोतबा पुलिस के साथ मिलकर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध दो कारों—एक सफेद मारुति ब्रेजा (बिना नंबर) और एक काले रंग की मारुति XL6 (CG-14-MW-3300)—को रोका गया।
तलाशी के दौरान ब्रेजा कार से चार बोरियों में पैक 73 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 76 किलो 940 ग्राम पाया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, तस्करी में प्रयुक्त दोनों कारें और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 49 लाख 17 हजार रुपए आंकी गई है, जिसमें गांजे की कीमत करीब 38 लाख रुपए बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में युगल यादव (21 वर्ष), मोहित कुमार यादव (26 वर्ष) और दीपक यादव (26 वर्ष) शामिल हैं, जबकि एक 17 वर्षीय बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा जा रहा है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा उड़ीसा से लेकर आ रहे थे।
पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
मामले की कार्यवाही में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक हर्ष वर्धन चौरासे,चौकी प्रभारी कोल्हेनझरिया सहायक उप निरीक्षक विपिन किशोर केरकेट्टा, प्रधान आरक्षक मुकेश भगत, फ्रांसिस बेक, आरक्षक बूटा सिंह, अमित साय व पुस्तम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।










