*21 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद छठ घाट डेम में डूबे युवक का शव निकला पानी से*
नगर कुनकुरी के छठ घाट डेम क्षेत्र में गुरुवार शाम नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। करीब 21 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार दोपहर को उसका शव पानी से बरामद किया गया। अम्बिकापुर से बुलाई गई एसडीआरएफ की टीम ने अथक प्रयासों के बाद युवक के शव को गहराई में तलाश कर बाहर निकाला। शव मिलने की खबर लगते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कुनकुरी नगर की तुरी बस्ती निवासी 42 वर्षीय चुन्नू राम गुरुवार की शाम करीब चार बजे अपने कुछ दोस्तों के साथ नगर के छठ घाट डेम नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस और नगर प्रशासन को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और रात होने के कारण प्रारंभिक तलाशी के बाद बचाव अभियान रोकना पड़ा। देर रात तक रेस्क्यू की तैयारी जारी रही। शुक्रवार सुबह पुलिस और राजस्व विभाग के सहयोग से अम्बिकापुर से एसडीआरएफ की विशेष टीम बुलाई गई। टीम ने लगभग चार घंटे तक लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया और अंततः दोपहर बाद युवक का शव डेम की गहराई से बरामद किया।
शव को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी भेजा। मृतक के घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र के लोगों ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार छठ घाट डेम क्षेत्र में कई स्थानों पर गहराई अचानक बढ़ जाती है, जिसके कारण इस प्रकार की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से डेम क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।










