*माँ काली पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन*
*सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हो रहा है आयोजन*

जशपुर जिले के नगर पंचायत कुनकुरी के खेल मैदान में माँ काली पूजा महोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। जिसके प्रमुख दीपक मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2008 से माँ काली प्रतिमा की स्थापना कर पूजा की परंपरा की शुरुआत की गई थी, जो आज भी निरंतर भव्य रूप से पारंपरिक रूप से आयोजित हो रही है। इस वर्ष भी भक्तिमय माहौल के बीच 20 अक्टूबर को आकर्षक और भव्य मां काली की प्रतिमा स्थापित की गई। स्थापना के बाद से ही प्रतिदिन पूजा-अर्चना, आरती और देवी भक्ति के मंत्रों से सम्पूर्ण क्षेत्र गूंज रहा है। महोत्सव का मुख्य आकर्षण डांडिया, गरबा सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम हैं, जिन्हें देखने के लिए श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक भारी संख्या में पहुंच रहे हैं।
भक्तों की सेवा हेतु भंडारे का भी आयोजन किया गया है, जिसमें प्रसाद व भोजन निरंतर वितरण किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार माँ काली की प्रतिमा का विसर्जन 24 अक्टूबर को विधि-विधान के साथ किया जाएगा। विसर्जन के दौरान शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें ढोल-नगाड़े, जयकारों और भक्तिमय गीतों के साथ देवी का विदाई कार्यक्रम संपन्न होगा।










