*कांग्रेस का ऐलान*
*जुरूडांड गणेश विसर्जन हादसे के प्रभावित परिवारों के लिए, मुआवजा मांग पर होगा जेल भरो आंदोलन*

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जुरूडांड़ में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए भीषण सड़क हादसे से प्रभावित परिवारों और घायलों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने जिले में जेल भरो आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है।
सोमवार को जिला कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश संगठन प्रभारी जरिता लेफ्तलांग ने कहा कि सरकार चाहे कितनी भी एफआईआर दर्ज करे, कांग्रेस जनहित के मुद्दों से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे ने जशपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है, क्योंकि घायलों का इलाज जिले में संभव न होकर निजी अस्पतालों में कराना पड़ा।
*पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने घटना के बाद हुए धरना और चक्काजाम आंदोलन पर पुलिस की कार्रवाई पर भी गंभीर सवाल उठाए।*
*मुआवजे को लेकर सरकार पर निशाना*
पूर्व संसदीय सचिव यूडी मिंज ने कहा कि 2021 में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन हादसे के बाद भाजपा नेताओं ने मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की थी, जिसे तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूरा किया। अब चूंकि वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के विधायक भी हैं, इसलिए मृतकों को 50-50 लाख और घायलों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा दिया जाना चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने कहा कि कांग्रेस “लाश की राजनीति” नहीं कर रही। उन्होंने कहा, “मृतक अरविंद केरकेट्टा का परिवार कांग्रेस के आने से पहले ही शव को सड़क पर रखकर धरना कर रहा था।”
*“जेल से नहीं डरते कांग्रेसजन”*
एफआईआर दर्ज होने पर कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि वे जेल जाने से नहीं डरते। जरिता लेफ्तलांग ने कहा, “अगर सरकार गिरफ्तार करती है तो कांग्रेस कार्यकर्ता अदालत में बेल के लिए आवेदन तक नहीं करेंगे।”
राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष और जिला संगठन प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने उन्हें बाहरी व्यक्ति बताए जाने पर आपत्ति जताई और कहा कि वे जिले के प्रभारी हैं और घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हुए।
*स्वास्थ्य व पुलिस कार्रवाई पर सवाल*
जरिता लेफ्तलांग ने घायलों का इलाज बाहर के निजी अस्पतालों में कराए जाने को लेकर स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने डीडीसी आशिका कुजूर की गिरफ्तारी और आधी रात को बिना अभिभावकों को बुलाए छोड़ देने के मामले पर भी जांच की मांग की।
पत्रकारवार्ता में जशपुर के पूर्व विधायक विनय भगत, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष विनोद प्रधान हीरू राम निकुंज, अजय गुप्ता, तारो सिंह, अनुज गुप्ता, सहस्त्रांशु पाठक, अनिल किस्पोट्टा, समेत कई कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे।










