*महिला कर्मचारियों से छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप में प्राचार्य गिरफ्तार, विभागीय कार्रवाई की तैयारी*
जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत बिमड़ा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य सुधीर कुमार बरला (52) को महिला कर्मचारियों और शिक्षिकाओं से छेड़छाड़ व यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने बताया कि पीड़ित महिला कर्मचारियों की शिकायत पर बगीचा पुलिस ने आरोपी प्राचार्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 75 और 79 के तहत दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की है।
शिकायत के अनुसार, 15 अगस्त को विद्यालय की छुट्टी के बाद एक महिला कर्मचारी जब प्राचार्य कक्ष का दरवाजा बंद करने गई, तो आरोपी ने भीतर से दरवाजा बंद कर अशोभनीय हरकत की और विरोध करने पर धमकाया। इससे पहले 14 नवंबर को एक महिला व्याख्याता ने भी प्राचार्य पर अशोभनीय बातें करने और छेड़छाड़ का प्रयास करने का आरोप लगाया था।
शिक्षिकाओं ने बताया कि आरोपी अक्सर आपत्तिजनक कमेंट करता था, जैसे– “किसे किस करूं, किसे विस करूं, आई लव यू” आदि। लंबे समय तक लोकलाज और भय के कारण मामला दबा रहा, लेकिन लगातार मानसिक पीड़ा सहने के बाद शिक्षिकाओं ने स्टाफ मीटिंग में मुद्दा उठाया और फिर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
इस गंभीर प्रकरण पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद भटनागर ने कहा— “प्राचार्य की हरकत बेहद गंभीर और अनुचित है। विभागीय कार्रवाई के लिए संभागीय आयुक्त को अनुशंसा पत्र भेजा गया है।”










