शासकीयकरण की मांग को लेकर पंचायत सचिव संघ फरसाबहार के अनिश्चितकालीन हड़ताल का आठवां दिन।
ग्रामीण क्षेत्रों के कार्य ठप्प, नवनिर्वाचित सरपंच हो रहे है प्रभावित।
फरसाबहार। प्रदेश पंचायत सचिव संघ छत्तीसगढ़ के आव्हान पर विकासखंड फरसाबहार के पंचायत सचिव संघ इकाई द्वारा विगत आठ दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। विकासखंड पंचायत सचिव संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि चुनाव के पूर्व इस सरकार ने मोदी की गारंटी के तहत वादा किया था कि पंचायत सचिव का शासकीयकरण किया जाएगा। किंतु सरकार बने एक वर्ष हो गया। आज तक कोई संतोषजनक जवाब नही मिला है।
प्रदेश पंचायत सचिव संघ छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष उपेन्द्र सिंह पैकरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर अवगत कराया कि वर्ष 2023-24 में होने वाले विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी में पंचायत सचिवों को शासकीय कर्मचारी बनाने का वादा किया गया है, 1995 से कार्यरत पंचायत सचिवों को शासकीय रोजगार की गारंटी दी गई है। इस संबंध में दिनांक 07-07-2024 को इंडोर स्टेडियम रायपुर के सभागार में माननीय मुख्यमंत्री जी, माननीय विधानसभा अध्यक्ष जी, माननीय उपमुख्यमंत्री जी, माननीय मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग तथा घोषणा पत्र के संयोजक माननीय सांसद दुर्ग की गरिमामयी उपस्थिति में सभी महानुभावों ने पंचायत सचिवों के शासकीयकरण को अत्यंत महत्वपूर्ण माना तथा शीघ्र शासकीय करने का आश्वासन दिया, वहीं माननीय मुख्यमंत्री जी ने मोदी की गारंटी को पूर्ण करने के लिए तत्काल समिति के गठन की घोषणा की तथा शासकीय करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री जी की घोषणा के अनुरूप दिनांक 16 जुलाई 2024 को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा समिति गठित कर 30 दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का उल्लेख किया गया था। उक्त आदेश के परिपालन में समिति ने पंचायत सचिवों के शासकीयकरण के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। जिस पर पंचायत सचिवों को पूर्ण आशा एवं विश्वास था कि रिपोर्ट के अनुसार बजट सत्र में शासकीयकरण की सौगात दी जाएगी।
लेकिन बजट सत्र में मुद्दा नहीं आने एवं सरकार द्वारा इस मुद्दे पर कोई पहल नहीं किए जाने से पूरे प्रदेश के पंचायत सचिव परेशान एवं आक्रोशित हैं।
इसलिए प्रदेश पंचायत सचिव संघ ने दिनांक 10/03/2025 को धर्मनगरी कवर्धा में बैठक कर निर्णय लिया कि दिनांक 17/03/2025 को प्रदेश के समस्त सचिव विधानसभा का घेराव किया एवं दिनांक 18/03/2025 से ब्लॉक मुख्यालयों में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए तथा दिनांक 01/04/2025 को मंत्रालय का घेराव करेंगे।










